अलीपुरदुआर

अलीपुरदुआर में गैंडा दिवस और बाघ रिलीज की तैयारी तेज

-मुख्यमंत्री के आने की संभावना, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

Irfan E Azam

अलीपुरदुआर :सितंबर और अक्टूबर में अलीपुरदुआर वन्यजीव संरक्षण से जुड़े दो बड़े आयोजनों का गवाह बनने जा रहा है। 22 सितंबर को विश्व गैंडा दिवस और 2 अक्टूबर को बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों को छोड़े जाने के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों आयोजनों में मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, उनके दौरे का अंतिम कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।रविवार को अलीपुरदुआर जिला प्रशासनिक भवन में दोनों कार्यक्रमों को लेकर विशेष बैठक हुई। इसमें सांसद मनोज टिग्गा, वन मंत्री मनोज कुमार उरांव, गृह राज्यमंत्री विशाल लामा, स्थानीय विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।22 सितंबर को विश्व गैंडा दिवस के अवसर पर जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान में विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित है। एक सींग वाले भारतीय गैंडों के प्रमुख प्राकृतिक आवास के रूप में जलदापाड़ा की खास पहचान है। कार्यक्रम के लिए सुभाषिनी मैदान या मदारीहाट हाई स्कूल मैदान में से किसी एक स्थान का चयन किए जाने की संभावना है। वन मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा बरामद वन्यजीवों के अंगों को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया जाएगा। इसके जरिए वन्यजीवों से जुड़ी वस्तुओं को प्रकृति में वापस लौटाने का संदेश दिया जाएगा।

वहीं, 2 अक्टूबर को बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों को छोड़े जाने की योजना है। इसके लिए अलीपुरदुआर के परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बिहार से बाघ लाने की प्रक्रिया के लिए वन विभाग की टीम रवाना हो चुकी है। वन विभाग का कहना है कि दोनों आयोजन विद्यार्थियों और आम लोगों में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी तय होने पर इन कार्यक्रमों का महत्व और बढ़ जाएगा।

SCROLL FOR NEXT