नागराकाटा : युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में खेलकूद और शारीरिक व्यायाम की महत्वपूर्ण भूमिका है। नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस और प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए युवाओं और समाजसेवियों को भी आगे आना होगा। ये बातें अलीपुरदुआर के सांसद मनोज टिग्गा ने रविवार को नागराकाटा में मसल गैरेज जिम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
सांसद मनोज टिग्गा ने फीता काटकर, नारियल फोड़कर और केक काटकर जिम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी और सेवन पर रोक लगाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण है। हालांकि, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक स्तर पर भी लगातार प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को युवाओं के जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम से युवाओं को अपनी शारीरिक क्षमता विकसित करने और स्वस्थ रहने का अवसर मिलता है। जिम जैसी सुविधाएं युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में मदद कर सकती हैं। नागराकाटा में आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित जिम की शुरुआत क्षेत्र के युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में एक पहल है।
जिम संचालक ओम प्रकाश रॉय और अमित कुमार महत्तो पिछले 15 वर्षों से क्षेत्र के युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। दोनों ने करीब 15 वर्ष पहले मात्र 10×10 फुट के एक छोटे कमरे में जिम की शुरुआत की थी। उनका उद्देश्य युवाओं में व्यायाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। धीरे-धीरे जिम से जुड़ने वाले युवाओं की संख्या बढ़ी और अब इसे आधुनिक सुविधाओं एवं उपकरणों से सुसज्जित किया गया है।
संचालकों के अनुसार, यहां कम शुल्क पर व्यायाम और फिटनेस का प्रशिक्षण दिया जाता है। मल्टी जिम उपकरणों के अलावा जुंबा डांस, योग और शरीर को फिट रखने से जुड़ी अन्य गतिविधियों की सुविधा भी उपलब्ध है।
उद्घाटन समारोह में समाजसेवी मनोज भुजेल, अरुण कुमार वाईबा, नागराकाटा थाना प्रभारी गौतम सरकार, ट्रैफिक ओसी प्रिभेंट लामाह, संतोष कुमार हाथी, तन्मय नार्जेनरी, डॉ. लक्ष्मीकांत भास्कर, अमित भुजेल, शंकर छेत्री, संजय कार्की डोली और सागर शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।