कालचीनी : अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी में पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक की कालचीनी शाखा की ओर से वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करने के साथ आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों के अलावा कालचीनी पंचायत समिति की सदस्य कविता केरकेट्टा, कालचीनी ग्राम पंचायत की प्रधान रिमकी छेत्री लामा और कालचीनी व्यापारी समिति के सचिव चंदन राणा सहित कई सरकारी प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बैंक के मैनेजर एवं अधिकारी संदीप बरुआ ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की विभिन्न सुविधाओं और उनके सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने में डिजिटल माध्यमों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ग्राहकों के लिए ऑनलाइन लेनदेन की प्रक्रिया समझना और साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। शिविर में ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान सावधानी बरतने और उपलब्ध सुविधाओं का सही तरीके से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
संदीप बरुआ ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान कालचीनी शाखा ने उल्लेखनीय प्रगति की है। बेहतर ग्राहक सेवा और ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से ग्राहकों को सहूलियत मिल रही है। शाखा भविष्य में भी डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयासरत है।
इसके अलावा, पिछले महीने शुरू की गई नई गोल्ड लोन योजना पर भी चर्चा हुई। बैंक अधिकारियों के अनुसार, कम ब्याज दर पर शुरू की गई इस योजना से ग्राहकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
शिविर के जरिए बैंक और ग्राहकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों को विभिन्न वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया गया।