इस्लामाबाद :
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए, जबकि दो जवानों की मौत हो गई। सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह घटना डेरा इस्माइल खान जिले के जरकानी इलाके में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान हुई। बयान में कहा गया कि अभियान के दौरान छह आतंकवादी मारे गए जबकि दोनों पक्षों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में दो जवानों की मौत हो गई। मृतक जवानों की पहचान 36 वर्षीय नायक गुलाम मुर्तजा और 30 वर्षीय सिपाही तासीर अहमद के रूप में की गई है। सेना के अनुसार, मृतक आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। ये सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर हमलों के साथ-साथ आम नागरिकों की हत्या करने से जुड़ी घटनाओं में शामिल थे।