सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद कर दिए गए 
विदेश

शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद बांग्लादेश में हिंसा

21 जिलों में आगजनी, बसों, ट्रेनों के डिब्बों और अन्य वाहनों को बनाया गया निशाना

Ravi

ढाका : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद देश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। सोमवार रात से मंगलवार शाम तक कम से कम 21 जिलों में आगजनी की घटनाएं हुईं। बसों, ट्रेनों के डिब्बों और अन्य वाहनों को निशाना बनाया गया। सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के गेट भी बंद कर दिए गए।

बांग्लादेश पुलिस और ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 11 जिलों में 22 वाहनों में आग लगाई गई। वहीं, ढाका समेत सात जिलों में कम से कम 28 स्थानों पर देसी बम धमाके हुए। पुलिस मुख्यालय ने इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी के समर्थकों का हाथ होने का दावा किया है।

बस में आग से ड्राइवर की मौत, कई जगह वाहनों को बनाया निशाना : सोमवार देर रात फरीदपुर शहर के गोलाचामट इलाके में बस टर्मिनल पर खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार तीन लोगों में से एक ने बस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई। उस समय बस चालक मोहम्मद कलाचन अंदर सो रहे थे।

वह किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन धुआं सांस में जाने से उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा चट्टोग्राम के पहाड़तली इलाके, बरगुना, मानिकगंज, नाओगांव और किशोरगंज में भी बसों और अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। ढाका के पास सावर और धामराई में भी दो वाहनों को निशाना बनाया गया।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम किया : मंगलवार सुबह गोपालगंज के टुंगीपाड़ा में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया। बाद में अवामी लीग और जुबो लीग के कार्यकर्ता भी इसमें शामिल हो गए। जुलूस के दौरान एक स्थानीय बीएनपी कार्यालय के बैनर और सजावटी पट्टियां तोड़ दी गईं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की तो झड़प शुरू हो गई। इसमें कम से कम 10 लोग घायल हुए। पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।

पुलिस ने अवामी लीग पर लगाया आरोप, पार्टी ने किया इनकार : पुलिस ने आशंका जताई है कि इन घटनाओं के पीछे अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ता हैं। पुलिस अधिकारी अख्तर हुसैन के मुताबिक, जांच में संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों को पैसे देकर हमले करवाए गए। हालांकि, जांच अभी शुरुआती चरण में है।

दूसरी ओर, अवामी लीग ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने कहा कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने के लिए हमलों की जिम्मेदारी उस पर डाल रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT