अमेरिका में तूफान 
विदेश

अमेरिका में तूफान से हवाई यातायात प्रभावित, 6000 उड़ानें लेट व 150 रद्द

सबसे ज्यादा असर पूर्वी तट पर पड़ा है

Ravi

वाशिंगटन : अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के दौरान खराब मौसम ने हवाई यातायात को प्रभावित किया है। पूर्वी और पश्चिमी तटों पर तूफान के कारण बुधवार को 6,000 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं, जबकि करीब 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

सबसे ज्यादा असर पूर्वी तट पर पड़ा है। यहां ‘नॉरईस्टर’ तूफान के कारण न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, फिलाडेल्फिया और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की आशंका है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। कैलिफोर्निया समेत कई राज्यों में इससे निपटने की तैयारी की जा रही है।

इस बीच, मियामी एयरपोर्ट पर भारी बारिश के कारण एक मालवाहक विमान उतरते समय रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद एयरपोर्ट के ज्यादातर रनवे कुछ समय के लिए बंद करने पड़े। इससे विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।

4 साल में सबसे ऊंचा जलस्तर होने का अनुमान : अमेरिका के पश्चिमी तट पर समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों से किनारे बने ढांचों को नुकसान पहुंचा है। सैन डिएगो के आसपास समुद्र का पानी पुराने रिकॉर्ड से भी ऊपर पहुंच गया है।

इससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पूर्वी तट पर 2012 में आए सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद समुद्र का जलस्तर सबसे ज्यादा होने का अनुमान है। डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है।

वहीं, देश के मध्य हिस्सों में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। पैसिफिक नॉर्थवेस्ट क्षेत्र में भी बुधवार रात से बारिश और तेज हवाओं का नया दौर शुरू होने की आशंका जताई गई है।

SCROLL FOR NEXT