पूर्व मिदनापुर : जगद्धात्री पूजा के मेले के दौरान सड़क हादसे में टोटो चालक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा बुधवार शाम पूर्व मिदनापुर जिले के नंदकुमार थाना क्षेत्र के खांची इलाके में हल्दिया-मेचेदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। सब्जी लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक टोटो को करीब 200 मीटर तक घसेटते ले गया।पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7 बजे यह हादसा हुआ। नंदकुमार की ओर से एक सब्जी लदा ट्रक तेज गति से मेचेदा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान खांची सिग्नल के पास एक टोटो खड़ा था। तभी अनियंत्रित ट्रक ने टोटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो ट्रक में फंस गया और वह उसे काफी दूर तक घसीटते ले गया। इस भीषण दुर्घटना में टोटो चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरांग माइति (35) के रूप में हुई है। वह नंदकुमार थाना क्षेत्र के दक्षिण दामोदरपुर का निवासी था। उसके अलावा हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल उद्धार कर तमलुक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गौरतलब है कि खांची इलाके में जगद्धात्री पूजा के अवसर पर मेला लगा हुआ है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसी वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी की गई थी। इसके बावजूद हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। हालांकि, नंदकुमार थाने की पुलिस ने स्थिति संभालते हुए जल्द ही यातायात सामान्य करने का प्रयास किया।