पश्चिम बंगाल

बेमौसम बारिश से किसानों पर मंडराया फसल बर्बादी का खतरा

KD Parth

अमन धान से सर्दियों की सब्जियों तक पर संकट

खेतों में पानी भरने से बढ़ी चिंता

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

चक्रवात 'अकवन' के प्रभाव से उत्तर 24 परगना जिलों में हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी सारे दिन होती रही। आसमान में काले बादल छाये रहे। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक खराब मौसम जारी रहने की आशंका है। ऐसे में खेतों में पककर तैयार अमन धान और सर्दियों की सब्जियों पर बर्बादी का खतरा मंडराने लगा है। सीमावर्ती इलाकों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक किसान फसल बचाने के लिए जूझ रहे हैं।

धान और सब्जियों की खेती पर दोहरी मार

बशीरहाट सबडिवीजन के स्वरूपनगर, बादुड़िया, हरोआ, हसनाबाद और हिंगलगंज में बीघा दर बीघा धान, सरसों और सब्जियों की खेती प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, भानगढ़, कुलतली, जयनगर और जीवनतला में भी सब्जी उत्पादक किसान परेशान हैं। फूलगोभी, पत्तागोभी, पालक, टमाटर, बैंगन, आलू, मूली और शिमला मिर्च की फसल पर बारिश का असर पड़ रहा है। निचले खेतों में पानी जमा होने से पौधों की जड़ें सड़ने और फंगल बीमारियों का खतरा है। किसान असदुल मोल्ला का कहना है कि उसने दो बीघा जमीन लीज पर लेकर शिमला मिर्च की खेती में करीब 1.5 लाख रुपये लगाए हैं। वहीं, सतुलिया के करीम मोल्ला ने चार बीघा में फूलगोभी और पत्तागोभी की खेती पर करीब 1.2 लाख रुपये खर्च किए हैं। दोनों को पूंजी डूबने की चिंता सता रही है। यहां की उपज कोलकाता सहित आसपास के बाजारों में पहुंचती है। ऐसे में उत्पादन प्रभावित होने पर सब्जियों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। बशीरहाट सबडिवीजन के कृषि अधिकारी का कहना है कि अब तक हुई बारिश से बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। किसानों को पकी फसल जल्द काटने और खेतों से पानी निकालने की सलाह दी गई है।
SCROLL FOR NEXT