पूर्व मिदनापु जिला अंतर्गत पटाशपुर थाना परिसर में काली मंदिर निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर शुक्रवार को पवित्र भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर पूर्व मेदिनीपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तन्मय मुखर्जी, एगरा के विधायक दिव्येंदु अधिकारी सहित जिला पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों और भक्तिमय वातावरण के बीच विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। विधि विधान के साथ इस पूजा अर्चना को सम्पन्न करने के बाद पुलिस को ओर से मौके पर मौजूद सभी लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। मालूम हो कि खड़गपुर समेत पूर्व और पश्चिम मिदनापुर तथा झाड़ग्राम जिले के ज्यादातर थानों में माँ काली का मंदिर बना हुआ हैl अब पूर्व मिदनापुर जिले के पटाशपुर थाने में भी काली मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ होने से तमाम पुलिस कर्मियों के साथ ही भाजपा और हिन्दू संगठनों ने भी खुशी जताई है। मंदिर निर्माण में सभी लोगों से सहयोग करने की अपील भी विधायक ने की है।