मौके पर पहुंचा बम निरोधक दस्ता
झाड़ग्राम :
झाड़ग्राम में सोमवार सुबह सड़क किनारे पड़े एक लाल रंग के बैग को लेकर इलाके में बम की दहशत फैल गई। बैग पर छोटा ताला लगा होने के कारण स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही झाड़ग्राम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन पूरे इलाके को घेर लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। हालांकि, जांच के बाद बैग में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, रविवार रात से ही सड़क के किनारे एक लाल रंग का बैग पड़ा हुआ था। बैग में चेन के साथ छोटा ताला लगा था। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन काफी देर तक बैग के उसी स्थान पर पड़े रहने से संदेह गहराने लगा। सोमवार सुबह भी जब बैग वहां से नहीं हटाया गया, तो इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही झाड़ग्राम थाने की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को मौके से दूर रहने का निर्देश दिया और गार्डरेल लगाकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने प्रशासनिक सुरक्षा के बीच बैग की जांच की। जांच में बैग के अंदर कोई बम या अन्य संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे बेवजह अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। हालांकि, बैग को लेकर फैली दहशत का असर आसपास के कारोबार पर भी देखने को मिला। सोमवार सुबह भय के कारण आसपास की कई दुकानों के शटर नहीं खुले। पुलिस की घेराबंदी और बम निरोधक दस्ते की मौजूदगी से पूरे इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह लाल बैग वहां किसने और किस उद्देश्य से रखा था? बैग किसी का छूट गया था या जानबूझकर वहां रखा गया था, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।