पश्चिम बंगाल

चोरी के बाद घर में रखा भोजन खाया और शराब पार्टी की

KD Parth

7 लाख से अधिक नकद और जमीन के दस्तावेज ले उड़े चोर

सोने के गहनों को नहीं लगाया हाथ

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा थाना अंतर्गत डुमा ग्राम पंचायत के छोटा सेहाना गांव में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। घर का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने पहले जमकर दावत उड़ाई और शराब पार्टी की। इसके बाद सात लाख रुपये से अधिक नकद, जमीन के दस्तावेज और कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घर में रखे सोने के आभूषणों को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार, पेशे से ठेकेदार हेमंत सरकार काम के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं। दो दिन पहले वह परिवार के साथ दक्षिण दिनाजपुर स्थित एक रिश्तेदार के घर गए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।मंगलवार को परिवार के सदस्य घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर पहुंचने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। सीसीटीवी फुटेज देखने की कोशिश की गई तो पता चला कि चोर कैमरों की रिकॉर्डिंग वाला हार्ड डिस्क भी उखाड़कर ले गए हैं। परिवार के मुताबिक, अलमारी के लॉकर से सात लाख रुपये से अधिक नकद, कांसा-पीतल के बर्तन, भगवान की मूर्तियां, जमीन के दस्तावेज और कई महत्वपूर्ण कागजात चोरी हुए हैं।चोरी की इस घटना में चोरों ने घर को किसी दावतगाह की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने फ्रिज में रखा खाना खाया और शराब पी। इतना ही नहीं, रसोई में रखी अंडों की दो ट्रे भी अपने साथ ले गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर में सोने के आभूषण मौजूद थे, लेकिन चोरों ने उन्हें छुआ तक नहीं। नकदी और जमीन के दस्तावेज ले जाने, जबकि सोने के गहने छोड़ देने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार ने गायघाटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।
SCROLL FOR NEXT