पश्चिम बंगाल

चक्रवात अकवन के प्रभाव से खेतों में ही बर्बाद हो रही फसल

KD Parth

सन्मार्ग संवाददाता

मिदनापुर :

चक्रवात ''अकवन'' के प्रभाव से हो रही बारिश और खराब मौसम ने पश्चिम मिदनापुर जिले के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल बारिश और प्रतिकूल मौसम की मार झेल रही है। फसल कटाई के बाद घर पहुंचाने की तैयारी कर रहे किसानों के सामने अब अपनी सालभर की मेहनत बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। जानकारी के अनुसार, जिले के दांतन इलाके के विभिन्न हिस्सों में खेतों में काटकर रखी गई पके धान की फसल बारिश के कारण खराब हो रही है। वहीं बेलदा और केशियाड़ी के कई कृषि क्षेत्रों से भी फसल को नुकसान पहुंचने की खबर सामने आई है। लगातार निम्न दबाव और चक्रवाती परिस्थितियों के कारण पहले से ही कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब चक्रवात ''अकवान'' के प्रभाव ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि सालभर की मेहनत से तैयार की गई फसल को घर ले जाने से ठीक पहले मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि मौसम जल्द सामान्य नहीं हुआ, तो खेतों में पड़ी धान की फसल को और अधिक नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसान जल्द से जल्द फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। दांतन, नारायणगढ़ और केशियाड़ी समेत जिले के विभिन्न इलाकों के किसानों की निगाहें अब मौसम के मिजाज पर टिकी हैं। प्रकृति की इस मार ने किसानों के सामने आर्थिक संकट की आशंका भी पैदा कर दी है।

SCROLL FOR NEXT