पश्चिम बंगाल

WBBSE का प्रस्ताव, 10वीं की परीक्षा फरवरी की बजाय मार्च में कराने की तैयारी

जनगणना कार्य के चलते 2027 की माध्यमिक परीक्षा फरवरी से मार्च में कराने का प्रस्ताव

Muskan Lall

पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीबीएसई) ने आगामी जनगणना कार्य में शिक्षकों की तैनाती को देखते हुए 2027 की माध्यमिक (कक्षा 10) परीक्षाएं फरवरी से मार्च तक टालने का प्रस्ताव दिया है। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, बोर्ड ने संशोधित परीक्षा कार्यक्रम राज्य के शिक्षा विभाग को विचार के लिए भेजा है। इसके तहत परीक्षाएं पहले निर्धारित 15 से 25 फरवरी के बजाय 2 से 16 मार्च तक आयोजित करने का प्रस्ताव है।

बोर्ड अध्यक्ष लल्टू दास ने पीटीआई से कहा, “यह केवल प्रस्ताव है। अभी कुछ भी अंतिम नहीं हुआ है। फरवरी में परीक्षा कराने वाले शिक्षकों को जनगणना के गणना कार्य में तैनात करना होगा।”

जनगणना का कार्य अगले साल 25 जनवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगा।

दास ने कहा, “हमने प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेज दिया है। देखते हैं।”

प्रस्ताव के अनुसार, परीक्षाएं सुबह 10.45 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएंगी। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट दिए जाएंगे और उत्तर लिखने की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी।

SCROLL FOR NEXT