राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के खड़गपुर में तेलुगु भाषी समुदाय के लोगों ने पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ नाग पंचमी का त्योहार मनाया। इस अवसर पर विभिन्न इलाकों में रहने वाले तेलुगु भाषी परिवारों ने विधि-विधान के साथ नाग देवता की पूजा अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा संतान की लंबी उम्र की कामना की।
नाग पंचमी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। विशेषकर तेलुगु समुदाय में इस त्योहार का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन महिलाएं सुबह स्नान कर पूजा की तैयारियों में जुट जाती हैं। पूजा स्थल पर फूल, हल्दी, कुमकुम और पारंपरिक पूजन सामग्री अर्पित की जाती है। कई परिवारों में दूध और अन्य प्रसाद चढ़ाने की भी परंपरा है। खड़गपुर में रहने वाले तेलुगु भाषी परिवारों ने भी अपनी पुरानी परंपराओं को कायम रखते हुए पूरे उत्साह के साथ यह पर्व मनाया। पूजा के दौरान महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। परिवार के सदस्य एकत्रित होकर नाग देवता से अपने घर-परिवार की रक्षा और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करते नजर आए। इस त्योहार की खास बात यह है कि रोजगार और अन्य कारणों से अपने मूल स्थान से दूर रहने के बावजूद तेलुगु समुदाय के लोग अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को नहीं भूले हैं। नई पीढ़ी को भी इन रीति-रिवाजों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय तेलुगु भाषी लोगों का मानना है कि नाग पंचमी केवल पूजा का त्योहार नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक एकता को बनाए रखने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ खड़गपुर में नाग पंचमी का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।