जंगल महल इलाके में घूमते हाथी  
पश्चिम बंगाल

नयाग्राम में हाथी के हमले से 76 वर्षीय वृद्धा की मौत

! बांदना पर्व की खुशियां मातम में बदलीं,

Rajesh kumar

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

झाड़ग्राम : जंगलमहल में बांदना पर्व की खुशियों के बीच हाथियों के हमले ने एक परिवार में मातम पसरा दिया। पर्व के अवसर पर घर में पीठा बनाने के लिए जंगल से शाल के पत्ते तोड़ने गई 76 वर्षीय वृद्धा की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम के केशवरखा रेंज अंतर्गत बालिगेड़िया बीट के भालुकचुआ जंगल में हुई। मृतका की पहचान बिनता पात्र (76) के रूप में हुई है। वह भालुकचुआ गांव की निवासी थीं।

स्थानीय सूत्रों से मिली जçकारी के अनुसार, इन दिनों जंगलमहल के विभिन्न इलाकों में पारंपरिक बांदना पर्व की धूम है। मुख्य रूप से कुड़मी और आदिवासी समुदाय के लोग इस पर्व को बड़े उत्साह के साथ मना रहे हैं। इस दौरान घरों में तरह-तरह के पारंपरिक पीठा बनाने की परंपरा है। कई परिवार शाल के पत्तों का इस्तेमाल कर विशेष प्रकार के पीठा तैयार करते हैं। इसी सिलसिले में बुधवार दोपहर बिनता पात्र घर के पास स्थित भालुकचुआ जंगल में शाल के पत्ते इकट्ठा करने गई थीं। बताया जाता है कि जंगल में हाथियों का झुंड मौजूद था, लेकिन वृद्धा को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग वन विभाग के सहयोग से उसे तत्काल नयाग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हाथियों की आवाजाही को लेकर दहशत फैल गई है। खड़गपुर वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान में वन विभाग के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग झुंडों में कुल 112 हाथी विचरण कर रहे हैं। सुवर्णरेखा नदी के दक्षिणी हिस्से में नयाग्राम, चांदाबिला और केशवरखा रेंज में करीब 40 हाथियों की मौजूदगी बताई जा रही है। वन विभाग के अनुसार, सोमवार को नयाग्राम से 47 हाथियों के एक झुंड को खदेड़कर ओडिशा वापस भेजा गया था। लेकिन बुधवार तड़के ओडिशा की ओर से 18 हाथियों का एक अन्य झुंड फिर नयाग्राम के केशवरखा रेंज स्थित बालिगेड़िया बीट इलाके में प्रवेश कर गया। इसी झुंड के हमले में वृद्धा की जान चली गई। बांदना पर्व के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, लगातार हाथियों के जंगल और गांव के आसपास पहुंचने से स्थानीय लोगों में भय बना हुआ है।

SCROLL FOR NEXT