पश्चिम बंगाल

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर झाड़ग्राम में प्रशासनिक गतिविधियां तेज

KD Parth

डीएम और एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

सुरक्षा, हेलीपैड और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

झाड़ग्राम :

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी क्षेत्र के साहाड़ी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सभास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाड़ग्राम की जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर और पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने साहाड़ी मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान बिनपुर के विधायक प्रणत टुडू सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की स्थिति का जायजा लेते हुए सभा के आयोजन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान सभामंच के निर्माण, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, हेलीपैड की तैयारी और वीवीआईपी आवागमन के रास्तों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्ग, यातायात नियंत्रण तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण विषय है। कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर काम करने की तैयारी की जा रही है। सभास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर यातायात प्रबंधन और भीड़ को नियंत्रित करने के उपाय भी तैयारियों का भी जायजा लिया गया। मालूम हो कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देना है। झाड़ग्राम और आसपास के क्षेत्रों में जनजातीय समुदाय की महत्वपूर्ण उपस्थिति को देखते हुए इस आयोजन को विशेष महत्व दिया जा रहा है। जिला प्रशासन कार्यक्रम को लेकर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहा है।
SCROLL FOR NEXT