नागराकाटा : नागराकाटा ब्लॉक की लाल झमेला बस्ती में आगामी 17 अक्टूबर को महा सप्तमी के अवसर पर लुकसान ग्राम पंचायतव्यापी भव्य फूलपाती शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। गोरखा समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजक कमिटी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम में डुआर्स के वरिष्ठ समाजसेवी एवं श्रमिक नेता मोहन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा अलीपुरदुआर के सांसद मनोज टिग्गा और नागराकाटा के विधायक पुना भेंगरा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को भव्य रूप देने और आयोजन की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए रविवार को आयोजक कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शोभायात्रा की रूपरेखा और इसे सफल बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के बाद कमिटी के सदस्यों ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आयोजन को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजक कमिटी ने डुआर्स के समस्त गोरखा समाज और जाति प्रेमियों से इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि फूलपाती शोभायात्रा समुदाय की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। महा सप्तमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पारंपरिक रीति-रिवाजों को आगे बढ़ाने के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया जाएगा।
बैठक में आयोजक कमिटी के अध्यक्ष दिवस शर्मा, सचिव प्रह्लाद कार्की और कोषाध्यक्ष शंकर छेत्री सहित रकमन राई, भीम प्रसाद शर्मा, गोमा छेत्री, पिंकी दर्जी, विष्णु छेत्री, कुमारी छेत्री, मनि कुमार छेत्री और सुभाष राई सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।