अलीपुरदुआर : फालाकाटा में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किया, जबकि दूसरी कार्रवाई में एक घर से गांजे के पौधे बरामद किए गए। दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर देर रात करीब 12:30 बजे फालाकाटा थाना पुलिस ने मिल रोड स्थित शिलाबृष्टि ढाबा के पास छापेमारी की। इस दौरान छोटो सालकुमार निवासी राजा रॉय उर्फ सोनाई (30) और सुभाष कॉलोनी निवासी सौमिक दास उर्फ सुमन (26) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे से करीब 32 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध मादक पदार्थ, एक होंडा मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने तीन माइल, जोगेंद्रनगर निवासी अमल दास के घर पर छापेमारी की। अमल दास, स्वर्गीय कुमुद दास के पुत्र हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने घर में गांजे के पौधों की खेती कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर पौधे जब्त किए और अमल दास को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है। दोनों मामलों में मादक पदार्थों के स्रोत और अन्य संभावित संलिप्तताओं का पता लगाने के लिए जांच जारी है।