विजय, सन्मार्ग संवाददाता
नंदीग्राम : खड़गपुर समेत पूर्व व पश्चिम मिदनापुर तथा झाड़ग्राम जिले के दुर्गापूजा पंडालों में भी दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ने लगी है। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने महाषष्ठी के दिन नंदीग्राम समेत कई जगहों पर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। नंदीग्राम के आमगछिया इलाके में स्थित संस्था आजाद क्लब की ओर से इलाके में भव्य पंडाल बनाकर देवी दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा स्थापित किया गया है। प्रदीप प्रज्जवलित कर उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने देवी दुर्गा से सामने हाथ जोड़कर सभी लोगों के लिए सुख समृद्धि का आशीष मांगा। उद्घाटन समारोह में सैकड़ों लोग भी मौजूद रहे। इसके अलावा इसी दिन मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम में ज्वारभरा स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित दुर्गोत्सव का भी उद्घाटन किया। वहीं खेजुरी समेत कई अन्य जगहों पर शुभेन्दु अधिकारी द्वारा आयोजित दुर्गोत्सव के उद्घाटन पर काफी लोग जुटे। जबकि इसके पहले महापंचमी के दिन मुख्य़मंत्री ने पांशकुड़ा के मेचोग्राम में आयोजित दुर्गोत्सव का उद्घाटन किया। जिसमें काफी लोग सम्मिलित हुए। इस दौरान जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा का कड़ा बदोबस्त भी किया गया था। दुर्गोत्सव के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री के आने पर पूजा कमेटियों के साथ ही स्थानीय लोगों में भी काफी खुशी देखी गयी।