विजय, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर नगरपालिका में भाजपा कर्मियों के भारी हंगामे की वजह से सोमवार को होने वाली पार्षदों की बोर्ड मीटिंग नहीं हो पायी। नए चेयरमैंन के चुनाव को लेकर इस दिन पालिका में बोर्ड मीटिंग का आयोजन किया गया था। ज्यादातर पार्षद खड़गपुर सदर के पूर्व विधायक प्रदीप सरकार को ही फिर से पालिका का चेयरमैन बनाने के पक्ष में थे। इस दिन होने वाली बोर्ड मीटिंग के बारे में खबर फैलते ही भाजपा के काफी कर्मी वहां जमा हो गए और नगरपालिका के गेट पर ताला मार दिया। भाजपा कर्मियों ने प्रदीप सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसी नए व्यक्ति को चेयरमैन बनाने अथवा पालिका को प्रशासक के हवाले करने की मांग उठायी। इस हंगामे के बीच ही टीएमसी के 3 पार्षद एक कार में सवार होकर बोर्ड मीटिंग में शामिल होने पहुंचे. लेकिन भाजपा कर्मियों ने पार्षदों की इस कार पर कई पत्थर और अंडे फेंके। जिसे लेकर इलाके में उत्तेजना की स्थिति कायम हो गयी। इस दौरान पुलिस के साथ भाजपा कर्मियों के बीच तीखी झड़प और खूब धक्कामुक्की भी हुयी। जिसकी वजह से पुलिस को लाठी चार्ज करने के लिए विवश होना पड़ा। लाठी चार्ज में भाजपा के 6-7 कमी घायल भी हो गए। भारी बवाल होने के बारे में खबर मिलते ही बाकी पार्षद पालिका में पहुंचे ही नहीं। जिसकी वजह से पालिका में इस दिन बोर्ड मीटिंग ही नहीं हो पायी। इस बवाल की वजह से फिलहाल शहर में राजनीतिक उत्तेजना की स्थिति कायम हो गयी है। पश्चिम मिदनापुर जिला भाजपा के सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि टीएमसी पार्षदों के भ्रष्टाचार और गलत कार्यों से लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है। इसलिए लोगों ने इस दिन पालिका में विक्षोभ प्रदर्शन कर बोर्ड मीटिंग नहीं होने दिया।