राजेश, सन्मार्ग संवाददाता,
खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के बेलदा थाना क्षेत्र में खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर कुछ ही घंटों में हुए दो सड़क हादसे में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। उनलोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी पहला हादसा रविवार सुबह बेलदा थाना इलाके के नेकुरसेनी इलाके में हुआ। उसके बाद दूसरा हादसा रविवार सुबह सलजपुर इलाके में हुआ।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह नेकुरसेनी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। खबर मिलते ही स्थानीय लोग, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी और बेलदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उनकी पहल पर दोनों घायल युवकों को उद्धार कर इलाज के लिए भेजा गया। उस घटना के कुछ ही घंटों के अंदर रविवार सुबह ही सलजपुर इलाके में एक और हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर चलते समय एक प्राइवेट कार ने कंट्रोल खो दिया और पेट्रोल भरवाने के लिए पंप में घुसी पिकअप वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में प्राइवेट कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी और बेलदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को दुर्घटनाग्रस्त कार से निकालकर इलाज के लिए भेजा गया। कुछ ही घंटों में एक ही नेशनल हाईवे पर लगातार दो हादसों में कम से कम पांच लोगों के घायल होने से सड़क सुरक्षा पर फिर से सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।