बारासात : उत्तर 24 परगना जिला परिषद के अध्यक्ष अरशद-उद-जमां को करीब छह लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में दत्तपुकुर थाने की पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय एक व्यक्ति ने अरशद पर धमकाकर करीब छह लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार रात उसके कदंबगाछी स्थित घर लौटने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को तड़के उसके आवास पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बुधवार को बारासात अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि अरशद के खिलाफ भाजपा की एक नेत्री पर हमले समेत अन्य आरोप भी सामने आए हैं। इलाके में उसकी पहचान प्रभावशाली तृणमूल नेता के तौर पर है। वह पहले बारासात-1 पंचायत समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुका है।