ठगी 
पश्चिम बंगाल

मुद्रा लोन का झांसा देकर युवक से 1.18 लाख की साइबर ठगी

तीन लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर अलग-अलग ट्रांजैक्शन में ऐंठे रुपये

Priti Yadavv

जगदल : फेसबुक पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत तीन लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर श्यामनगर के एक युवक से 1.18 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने लोन की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर अलग-अलग शुल्क बताकर पीड़ित से कई बार रकम ट्रांसफर कराई। रकम भेजने के बाद भी जब लोन नहीं मिला, तब युवक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस के मुताबिक, श्यामनगर के अंजनगढ़ निवासी सैकत नंदी को 5 अगस्त को फेसबुक पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से जुड़ी एक पोस्ट दिखाई दी थी। पोस्ट में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद फोन पर मौजूद व्यक्ति ने उसे तीन लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद ठगों ने प्रोसेसिंग फीस समेत अलग-अलग शुल्क के नाम पर सैकत से पैसे जमा कराने शुरू कर दिए। लोन मिलने की उम्मीद में उसने 5 से 8 अगस्त के बीच कई बार ट्रांजैक्शन करते हुए कुल 1,18,372 रुपये बताए गए खाते में भेज दिए। रकम जमा करने के बावजूद जब लोन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो सैकत को संदेह हुआ। जांच-पड़ताल के बाद उसे समझ आया कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस चुका है। इसके बाद उसने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जगदल थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खाते और लेन-देन से जुड़े अन्य सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

SCROLL FOR NEXT