हालीशहर : गड्ढे की सफाई को लेकर हुए विवाद में एक युवक की कथित तौर पर पिटाई कर दी गयी। आरोप है कि आकाश चौधरी और उसके 2-3 साथियों ने सुदीप्त घोषाल पर घूंसे-लात चलाने के बाद बांस के डंडे से भी वार किया। हमले में उसके सिर, सीने और पेट में चोट लगी तथा सिर से खून निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार की सुबह जेटिया थाना क्षेत्र के बालीभाड़ा, रामप्रसाद पल्ली में हुई। शिकायतकर्ता सुदीप्त का आरोप है कि वह जमीन के एक गड्ढे की सफाई कर रहा था। इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचे और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी। घटना को लेकर सुदीप्त ने जेटिया थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।