बेलघरिया : बेलघरिया थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिबाश नाथ (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से करीब 20 सेंटीमीटर लंबा लोहे का देशी सिंगल शूटर बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:45 बजे मोयला डिपो के पास एक व्यक्ति के हथियार लेकर खड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही बेलघरिया थाने की पुलिस टीम ने इलाके में तत्काल छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध हालत में मौजूद बिबाश नाथ को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।