पश्चिम बंगाल

भाटपाड़ा में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

कमर से देसी वन-शटर और जेब से जिंदा कारतूस बरामद

भाटपाड़ा : रात के अंधेरे में अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को भाटपाड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से एक देसी वन-शटर बंदूक और 8 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार यादव (31) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की देर रात करीब 12:15 बजे ASI मदन गोपाल नाथ पुलिस टीम के साथ इलाके में नाइट पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बारो श्रीरामपुर इलाके में एक व्यक्ति अवैध हथियार और गोली की डीलिंग के लिए पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में पहुंचकर निगरानी शुरू की। चंद्रालय मैरिज हॉल के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर के पीछे से करीब 24.5 सेंटीमीटर लंबी एक देसी वन-शटर बंदूक बरामद हुई। वहीं, उसकी पैंट के दाहिने जेब से 8 एमएम KF मार्क का जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस के मुताबिक हथियार और कारतूस रखने के संबंध में आरोपी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

SCROLL FOR NEXT