पीड़िता की शिकायत पर टीटागढ़ ने किया गिरफ्तार
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ थाना क्षेत्र में धर्म छिपाकर एक हिंदू युवती से शादी करने और कथित धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर चार स्थित बांसबागान निवासी फरहान खान के रूप में हुई है। पीड़िता टीटागढ़ नगरपालिका के वार्ड नंबर पांच की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार, युवती की लिखित शिकायत के आधार पर बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर हिंदू नाम से आधार कार्ड बनवाया और उसी पहचान के आधार पर युवती से विवाह किया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के साथ ही मानसिक रूप से भी प्रताड़ित करता था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता बुधवार को विश्व हिंदू परिषद के बैरकपुर जिला सचिव पिनाकी चट्टोपाध्याय, स्वामी शिवानंद महाराज और अन्य पदाधिकारियों के साथ टीटागढ़ थाने पहुंची, जहां मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।