पश्चिम बंगाल

प्रेमी से शादी के लिए बांग्लादेश से पहुंची युवती, युवक पर मुकरने का आरोप

हाबरा में संदिग्ध हालत में घूमते मिले दोनों, पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ा

बैरकपुर : प्रेमी से शादी की उम्मीद में बांग्लादेश से उत्तर 24 परगना पहुंची एक युवती को कथित तौर पर शादी से इनकार का सामना करना पड़ा। मामला हाबरा के चोंगदा मोड़ इलाके का है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने युवक-युवती को थाने ले जाकर पूछताछ की, जिसके बाद युवती के भारत आने की वजह सामने आई। पुलिस के अनुसार बांग्लादेश के नाटोर की रहने वाली नूपुर सरकार की करीब तीन वर्ष पहले फेसबुक के जरिए जागुलिया निवासी विमल मजुमदार से पहचान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। नूपुर का आरोप है कि विमल ने शादी का भरोसा देकर उसे भारत बुलाया। पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ वह यहां पहुंची, लेकिन अब विमल विवाह से पीछे हट रहा है। नूपुर ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच हुई बातचीत के मैसेंजर पर प्रमाण मौजूद हैं। उसने आशंका जताई कि उसके साथ कोई अनहोनी होने पर विमल जिम्मेदार होगा। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। अधिकारियों के मुताबिक, नूपुर के दस्तावेज वैध पाए गए और मामले में कोई लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया।

SCROLL FOR NEXT