पश्चिम बंगाल

एनजेपी स्टेशन पर एक करोड़ की याबा जब्त, 4 गिरफ्तार

कूचबिहार में गिरफ्तारी के बाद बदला रूट, एनजेपी को बनाया नया ठिकाना

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी :ट्रेन के एसी कोच में चार बैग और अंदर छिपी थी 2 किलो 240 ग्राम याबा। तस्करों को लगा कि कूचबिहार की जगह न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से उतरकर पुलिस की नजर से बच जाएंगे, लेकिन उनकी योजना धरी रह गई। गुप्त सूचना पर सिलीगुड़ी एसटीएफ, जीआरपी की एसओजी और एनजेपी जीआरपी की संयुक्त टीम ने मुंबई लोकमान्य तिलक डाउन ट्रेन में छापेमारी कर दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। बरामद याबा की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोजिना खातून, लवली बीबी, सैफुल हक और इस्माइल अली के रूप में हुई है। चारों कूचबिहार के रहने वाले बताए गए हैं।

जीआरपी सूत्रों के मुताबिक, हाल में कूचबिहार से तस्करी गिरोह के कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद तस्करों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अपना रूट बदलने की योजना बनाई थी। इसी के तहत इस बार कूचबिहार के बजाय न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर उतरने की तैयारी थी।गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने ट्रेन के एसी कोच में संदिग्ध यात्रियों पर नजर रखी। चारों को हिरासत में लेकर उनके बैगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान याबा टैबलेट बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ की खेप जब्त कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि याबा की यह खेप तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी है।चारों आरोपितों को शुक्रवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT