प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
मध्यग्राम/न्यू बैरकपुर : करीब 3,700 रुपये की हिलसा मछली और 300 रुपये नकद लेकर कथित तौर पर फरार हुई करीब 60 वर्षीय महिला को रविवार को न्यू बैरकपुर स्टेशन के पास स्थित बाजार से पकड़ लिया गया। मछली कारोबारियों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की और बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस और बाजार समिति के अनुसार, घटना पिछले मंगलवार की है। महिला मध्यग्राम कालीबाड़ी के पास अमलेंदु स्मृति व्यवसायी समिति बाजार में मछली खरीदने पहुंची थी। उसने विक्रेता प्रसनजीत विश्वास से बड़ी और अच्छी हिलसा दिखाने को कहा। मछली पसंद करने और वजन कराने के बाद उसने कथित तौर पर कहा कि उसके पास तत्काल भुगतान के लिए पैसे नहीं हैं। महिला ने दावा किया कि बाजार के सामने काठगोला इलाके में उसकी दुकान है और वहां पहुंचकर वह भुगतान कर देगी। इस पर प्रसनजीत ने अपने भाई को उसके साथ भेजा। आरोप है कि रास्ते में महिला ने युवक से 300 रुपये भी ले लिए। रिक्शे से कुछ दूर जाने के बाद उसने एक दुकान की ओर इशारा कर युवक को वहां से रुपये लाने के लिए कहा। इसी दौरान वह मछली और नकदी लेकर फरार हो गई। घटना के बाद कारोबारियों ने महिला की तस्वीर और सीसीटीवी फुटेज आसपास के बाजारों में साझा कर दी थी। रविवार को न्यू बैरकपुर बाजार में एक विक्रेता ने उसे पहचान लिया। सूचना पर मध्यग्राम के व्यापारी पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर कहा कि उसे मछली खाने की इच्छा थी, लेकिन पैसे नहीं थे। कारोबारियों ने उस पर पहले भी सामान लेकर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। महिला ने 2,700 रुपये बाजार समिति के पास जमा किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।