प्रतीकात्मक तस्वीर 
पश्चिम बंगाल

भीख मांगने के बहाने घर में घुसी महिला, चोरी के आरोप में धरायी

स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

उत्तर 24 परगना : भीख मांगने के बहाने एक घर में घुसकर चोरी करने के आरोप में एक महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना भाटपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 33 अंतर्गत नारायणपुर बारिसाल पाड़ा इलाके की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ चक्रवर्ती परिवार के घर पहुंची थी। उस समय घर की मालकिन स्नान कर रही थीं, जबकि रसोइया रूपा सरकार खाना बनाने में व्यस्त थीं। आरोप है कि महिला ने घर के सदस्यों की व्यस्तता का फायदा उठाते हुए चुपके से ऊपरी मंजिल में प्रवेश किया। इसी दौरान ऊपर से सामान गिरने की आवाज सुनकर रूपा सरकार वहां पहुंचीं। उन्होंने कमरे का सामान बिखरा हुआ देखा और महिला को वहां से निकलते पाया। इसके बाद शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि अलमारी से करीब 6 हजार रुपये नकद और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। महिला बच्चों के साथ भागने का प्रयास कर रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। लोगों का दावा है कि उसके पास से नकदी और दस्तावेज भी बरामद किए गए। सूचना मिलने पर भाटपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।


SCROLL FOR NEXT