बरानगर : निवेश की रकम वापस दिलाने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से लगातार रकम वसूली और बाद में करीब 55 लाख रुपये वापस दिलाने का भरोसा दिया। ठगी का अहसास होने के बाद महिला ने बरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर निवासी लक्ष्मी माइती ने शिकायत में बताया कि उन्होंने टोबिन रोड स्थित पीएनबी मेटलाइफ की शाखा में दो किस्तों में कुल 50 हजार रुपये निवेश किए थे। उन्हें पांच वर्षों तक प्रीमियम जमा करने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, आर्थिक परेशानी के कारण उन्होंने बाद में पॉलिसी बंद करा दी। इसके बाद उन्हें सिर्फ करीब 6 हजार रुपये ही वापस मिले। आरोप है कि कुछ समय बाद तीन लोगों ने फोन कर महिला से संपर्क किया और निवेश की शेष रकम वापस दिलाने का दावा किया। उन्हें डालहौसी स्थित एक कार्यालय में बुलाया गया, जहां आरोपियों ने कहा कि 36,800 रुपये जमा करने पर तीन महीने के भीतर उन्हें 1.20 लाख रुपये वापस मिल जाएंगे। इसी दौरान आरोपियों ने महिला से 36,800 रुपये का हस्ताक्षरित चेक भी ले लिया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग कारण बताते हुए महिला से लगातार और रकम की मांग शुरू कर दी। हर बार भुगतान के बदले खाते में बड़ी रकम जमा होने का भरोसा दिया जाता रहा। बाद में आरोपियों ने महिला को करीब 55 लाख रुपये मिलने का लालच दिया। आरोपियों के झांसे में आकर महिला ने कई बार भुगतान किया। हालांकि, उसे वादा की गई रकम नहीं मिली और वह आर्थिक नुकसान का शिकार हो गई। इसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।