सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

खाने में जहर देकर पति की हत्या की कोशिश का आरोप, पत्नी, बेटी और साला गिरफ्तार

विवाहेतर संबंध का विरोध करने पर रची गई साजिश, अस्पताल पहुंचने पर खुला मामला

Priti Yadavv

बनगांव : विवाहेतर संबंध का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेम संबंध में पति को बाधा मानते हुए खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसकी हत्या की कोशिश की। इस साजिश में बेटी और साले के भी शामिल होने का आरोप है। खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग की बात कही। इसके बाद परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच में जुटी बनगांव थाने की पुलिस ने आरोपी पत्नी, बेटी और साले को गिरफ्तार कर लिया। घटना बनगांव थाना क्षेत्र के ठाकुरपल्ली इलाके की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखा सिरोज, उसकी बेटी रिया पाल और रेखा के भाई संजय सरकार के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, ठाकुरपल्ली निवासी पेशे से राजमिस्त्री समर सिरोज ने करीब 23 वर्ष पहले ढाकापाड़ा की रहने वाली रेखा से शादी की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया था। हाल के दिनों में रेखा के पड़ोस के एक युवक के साथ कथित विवाहेतर संबंध को लेकर विवाद और बढ़ गया था। परिवार का दावा है कि समर ने पत्नी को उक्त संबंध खत्म करने के लिए समझाने की कोशिश की थी, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया। आरोप है कि रेखा अपने पति के साथ अक्सर मारपीट करती थी और उसे जहर देकर जान से मारने की धमकी भी देती थी। परिवार के मुताबिक, सोमवार की सुबह रेखा ने समर को खाना खिलाया और इसके बाद अपने मायके चली गई। खाना खाने के कुछ देर बाद समर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। असहज महसूस करने पर पड़ोसियों ने उसे तत्काल बनगांव महकमा अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई। इसके बाद परिवार के सदस्यों को खाने में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने का संदेह हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि कथित विवाहेतर संबंध का विरोध करने के कारण समर को रास्ते से हटाने के लिए यह साजिश रची गई थी। मामले में बेटी रिया और साले संजय की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर बनगांव थाने की पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

SCROLL FOR NEXT