पश्चिम बंगाल

पंचायत ने नहीं बनाई तो ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी, चंदा जुटाकर बनाई सड़क

उत्तर 24 परगना : विकास कार्यों में प्रशासनिक उदासीनता से परेशान ग्रामीणों ने आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। वर्षों से जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए पंचायत और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों ने खुद चंदा इकट्ठा कर सड़क की मरम्मत शुरू कर दी। उत्तर 24 परगना जिले के हाड़ोवा ब्लॉक अंतर्गत कुलटी ग्राम पंचायत के कामारगाती ब्रिज के पास की गई यह पहल अब चर्चा का विषय बन गई है। कामारगाती ब्रिज से सटी यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और उखड़ी हुई सड़क के कारण लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया था। बारिश के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते थे। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस और रोजाना आने-जाने वाले हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार पंचायत और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार खुद ही समाधान निकालने का फैसला किया। ग्रामीणों ने घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा किया और उसी राशि से सड़क के गड्ढों को भरकर उसे फिलहाल आवागमन योग्य बना दिया। इस कार्य में गांव के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों का कहना है कि यह मजबूरी में उठाया गया कदम है, ताकि रोजमर्रा की आवाजाही कुछ हद तक आसान हो सके।


SCROLL FOR NEXT