सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : माैसम ने बंगाल में लुका-छिपी का खेल शुरू कर दिया है। आज, शनिवार को सर्दी का मिजाज थोड़ा बढ़ा हुआ महसूस हुआ। हालांकि मौसम विभाग कि ओर से बताया गया है कि रविवार से तापमान फिर बढ़ेगा। सुबह में सर्दी का मिजाज महसूस होगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ठंड गायब हो जाएगी। कोलकाता और आस-पास के इलाकों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। पश्चिमी जिलों में तापमान 11 से 14 डिग्री सेल्सियस है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि कोलकाता में तापमान फिलहाल 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा, बाद में आसमान साफ हो जाएगा। सोमवार तक उत्तर बंगाल में घने कोहरे की चेतावनी जारी है। साउथ बंगाल के कुछ जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिलेगा। बाकी सभी जिलों में सुबह कुछ समय के लिए हल्का कोहरा रहेगा, घने कोहरे की कोई चेतावनी नहीं है। वहीं अगले तीन दिनों तक नॉर्थ बंगाल में घने कोहरे की चेतावनी है। लगभग सभी जिलों में कई इलाकों में मीडियम कोहरा रहने की संभावना है।
दार्जिलिंग और नॉर्थ दिनाजपुर जिलों में सबसे ज्यादा घने कोहरे की चेतावनी है। दार्जिलिंग, नॉर्थ दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में कुछ जगहों पर घने कोहरे की चेतावनी रहेगी। यह चेतावनी मौसम विभाग ने सोमवार सुबह तक के लिए जारी की है। अगले पांच दिनों तक उत्तर बंगाल में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा और मौसम ऐसा ही रहेगा।