पश्चिम बंगाल

बिरयानी रेस्टोरेंट में चूहे घूमने का वीडियो वायरल, मैनेजर से ग्राहक की बहस

मामला बढ़ने पर रेस्टोरेंट प्रबंधन ने जताया खेद

Priti Yadavv

बैरकपुर : बैरकपुर के चर्चित दादा-बऊदी बिरयानी रेस्टोरेंट में चूहे घूमने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे एक ग्राहक ने चूहे को घूमते हुए देखने का दावा करते हुए फेसबुक लाइव किया। आरोप है कि इसकी शिकायत करने पर ग्राहक और रेस्टोरेंट के मैनेजर के बीच तीखी बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सार्वजनिक रूप से खेद जताया है। जानकारी के अनुसार, सुदीप मंडल सोमवार को कुछ लोगों के साथ बैरकपुर स्थित रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने खाने के दौरान परिसर में चूहा घूमते देखने का दावा किया। सुदीप के मुताबिक, उन्होंने तुरंत कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मैनेजर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मैनेजर की प्रतिक्रिया को लेकर ग्राहक से उनकी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान बनाए गए वीडियो को सुदीप ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। मामले पर रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सोशल मीडिया के जरिए बयान जारी कर कहा कि बैरकपुर आउटलेट में हुई घटना के लिए वह गंभीरता से खेद व्यक्त करता है। साथ ही भरोसा दिया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।


SCROLL FOR NEXT