झाड़ग्राम : झाड़ग्राम जिले के मानिकपाड़ा इलाके में मंगलवार को बालू भर्ती एक ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गयी थी। जिसे लेकर इलाके में भारी हंगामा मचा। मृत युवक का नाम अमिय महतो (23 ) है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह युवक अपने एक मित्र के साथ मानिकपाड़ा के इंद्रावनी मोड़ इलाके में सड़क पर पैदल चलते हुए कहीं जा रहा था। उसी दौरान बालू से भर्ती तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर ने दोनों युवको को पीछे से टक्कर मार दिया। हादसे के दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि घायल दूसरे युवक की चिकित्सा अस्पताल में चल रही है। इस हादसे के बाद ही इलाके में काफी लोगों जुट गए और स्थानीय नागरिकों ने उस दुर्घटनाकारी ट्रैक्टर को पकड़ कर इसके ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में आए दिन बालू भर्ती ट्रैक्टर आदि गाड़ियों के ड्राइवर काफी तेज गति से वाहन चलाते हैं। जिसकी वजह से अक्सर दुर्घटनाएं हो रही है, लेकिन दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस कुछ नहीं कर रही है। बहरहाल हादसे के बारे में खबर मिलने पर मानिकपाड़ा फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे की पूरी जाच पड़ताल पुलिस कर रही है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस से सभी गाड़ियों की रफ्तार को नियंत्रित करने की मांग उठायी है।