सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मध्यमग्राम : गंगानगर में निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत में शुक्रवार को दोपहर बड़ा हादसा हो गया। रंगाई का काम कर रहे तीन मजदूर रस्सी टूटने के बाद ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया। तीसरे का इलाज चल रहा है। दोनों मृतकों के नाम मलय चंद हवलादार (48) और मिंटू मंडल (42) हैं। दोनों अशोकनगर के रहने वाले थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद निर्माणाधीन परियोजना में काम रोक दिया गया। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ऊंचाई पर काम करने वालों के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की पर्याप्त जांच नहीं की जाती। प्रत्यक्षदर्शी सुरक्षा गार्ड के मुताबिक, अचानक तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर तीन मजदूर नीचे पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन दो की जान नहीं बच सकी। स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी स्थान पर पिछले वर्ष भी 26 वर्षीय एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हुई थी। मध्यमग्राम भाजपा मंडल-2 के महासचिव शुभजीत कुंडू ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन समेत हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।