बनगांव : ट्रेन में दो नृत्य कलाकारों से कथित तौर पर अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रेलवे ने कड़ी कार्रवाई की है। बनगांव जीआरपी ने बुधवार की रात सोनारपुर जीआरपी इलाके से आरोपी टीटीई प्रशांत नाथ को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे बनगांव महकमा अदालत में पेश किया गया। घटना 18 जुलाई की बताई जा रही है। शिकायत के अनुसार, एक युवती और उसके साथ नाबालिग नृत्य प्रशिक्षण के लिए राणाघाट जा रही थीं। गोबरडांगा स्टेशन से ट्रेन में सवार होने के बाद बनगांव पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात टीटीई ने कथित तौर पर दोनों के खिलाफ मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोप है कि उसने दोनों से बेहद अशोभनीय बातें भी कहीं। घटना के बाद अभिभावकों और नृत्य प्रशिक्षकों ने बनगांव जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। कार्रवाई की मांग को लेकर नृत्य कलाकारों ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया था। अब इस मामले में बनगांव जीआरपी की टीम ने बुधवार की रात आरोपी को सोनारपुर से गिरफ्तार किया है। बता देें कि मामले में आरोपी टीटीई को पहले ही निलंबित किए जाने की भी सूचना है।