नैहाटी : नैहाटी में एक महिला के करीब 25 लाख रुपये मूल्य के मकान पर कथित रूप से जबरन कब्जा करने के मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता की पत्नी को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी नेता फिलहाल फरार बताया जा रहा है। नैहाटी थाना पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान ईशानी सरकार अधिकारी के रूप में हुई है, जबकि फरार आरोपी तृणमूल नेता विष्णु अधिकारी हैं। दोनों के खिलाफ शांता चक्रवर्ती नामक महिला ने नैहाटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में शांता ने आरोप लगाया कि विष्णु अधिकारी और उनकी पत्नी ने धोखाधड़ी और दबंगई के जरिए उनके मकान पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। पीड़िता ने पुलिस से अपना घर वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईशानी सरकार अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को गिरफ्तार आरोपी महिला को बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। वहीं, मामले के दूसरे आरोपी विष्णु अधिकारी की तलाश जारी है। इस घटना को लेकर भाजपा बैरकपुर जिला युवा मोर्चा के सदस्य सूर्य चौधरी ने कहा कि पीड़िता एक गरीब महिला हैं और उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।