पश्चिम बंगाल

दुकान में आगजनी के बाद फरार तृणमूल उपप्रधान चेन्नई से गिरफ्तार

मोबाइल लोकेशन बनी अहम सुराग

Priti Yadavv

बैरकपुर : भाजपा कार्यकर्ता की दुकान में आग लगाने के मामले में फरार चल रहे विशपुर ग्राम पंचायत के तृणमूल उपप्रधान शहीदुल शेख को हसनाबाद थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार रात चेन्नई में कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा। घटना के बाद से शहीदुल लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला विशपुर ग्राम पंचायत के बैलानी बाजार का है। आरोप है कि देर रात भाजपा कार्यकर्ता निताई दास की दुकान में आग लगा दी गयी थी। आगजनी में दुकान को काफी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद निताई की शिकायत पर शहीदुल शेख समेत उसके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शहीदुल के मोबाइल फोन की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी के आधार पर उसके चेन्नई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद हसनाबाद थाने की पुलिस ने चेन्नई पहुंचकर शनिवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को रविवार को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जायेगी। इसके बाद उसे हसनाबाद लाकर पूछताछ की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT