टीटागढ़ : टीटागढ़ के ग्लासकोल घाट इलाके में देर रात पुलिस ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित कथित तौर पर अपने कुछ साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गिरफ्तार युवकों की पहचान धीरज हेला (28), शरीफुल इस्लाम (18) और सोम राम (22) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से दो चाकू और एक चॉपड़ बरामद किये गये। पुलिस के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 12.45 बजे सूचना मिली थी कि ग्लासकोल घाट के पास 8-10 संदिग्ध युवक जमा हैं। सूचना मिलते ही टीटागढ़ थाने की टीम ने इलाके में अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ युवक भाग निकले, जबकि तीन को पकड़ लिया गया। प्राथमिक पूछताछ में आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस का दावा है कि वे ग्लासकोल घाट और आसपास के इलाकों में डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। फरार युवकों की पहचान के लिए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त करने के साथ ही फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।