पश्चिम बंगाल

इच्छापुर गंगा घाट कांड में तीन दोस्त गिरफ्तार, युवक का शव मिला

युवती की तलाश जारी

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के नोआपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित इच्छापुर के नवाबगंज गंगा घाट पर युवक और युवती को कथित तौर पर गंगा में धक्का देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशल साव, आशुतोष सिंह और देबांजन दास के रूप में हुई है। वहीं लापता अभिषेक मंडल का शव मंगलवार देर रात बरामद कर लिया गया, जबकि युवती ओइद्रिला कर्मकार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को अभिषेक और ओइद्रिला अपने दोस्तों के साथ नवाबगंज गंगा घाट पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों को गंगा में धक्का दे दिया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नोआपाड़ा थाना पुलिस और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंची तथा देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। मंगलवार देर रात गंगा से अभिषेक मंडल का शव बरामद किया गया। मृतक के परिजनों ने साथ मौजूद युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पर्याप्त प्राथमिक साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, ओइद्रिला कर्मकार की तलाश में गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।

SCROLL FOR NEXT