पश्चिम बंगाल

ममता और शुभेंदु की संपत्ति में आयी गिरावट

दूसरे चरण के मतदान पर ADR का खुलासा

Paresnjitt

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: एडीआर (ADR) और इलेक्शन वॉच की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल की राजनीति के दो प्रमुख चेहरे, भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से कड़े प्रतिद्वंद्वी — मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी—की संपत्ति में 2021 की तुलना में कमी आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ममता बनर्जी की संपत्ति 2021 में 15,38,029 रुपये थी, जो अब घटकर 15,37,509 रुपये रह गई है। यानी 520 रुपये (लगभग 0.03%) की मामूली गिरावट। वहीं शुभेंदु अधिकारी की संपत्ति 1,05,52,749 रुपये से घटकर 85,87,600 रुपये हो गई, यानी 19,65,149 रुपये (लगभग 18.6%) की कमी।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ममता बनर्जी के खिलाफ किसी भी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड या एफआईआर दर्ज नहीं है, जबकि शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आपराधिक मामलों में भाजपा आगे

चुनावी उम्मीदवारों पर रिपोर्ट में बताया गया है कि कुल 1445 उम्मीदवारों में से 338 (23%) ने आपराधिक मामलों की घोषणा की है, जिनमें 295 (20%) गंभीर मामले शामिल हैं। इनमें 16 हत्या, 80 हत्या के प्रयास और 24 महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले हैं, जिनमें 2 दुष्कर्म के मामले शामिल हैं। दलीय आधार पर, भाजपा के 72%, तृणमूल कांग्रेस के 35%, माकपा के 51% और कांग्रेस के 26% उम्मीदवारों ने आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

टीएमसी में सबसे अधिक करोड़पति

इसके अलावा, दूसरे चरण में 321 उम्मीदवार (22%) करोड़पति हैं। तृणमूल कांग्रेस में 73%, भाजपा में 52%, माकपा में 33% और कांग्रेस में 25% उम्मीदवार करोड़पति हैं। औसत संपत्ति के मामले में टीएमसी सबसे आगे है (5.05 करोड़ रुपये), उसके बाद भाजपा (3.28 करोड़), माकपा (1.22 करोड़) और कांग्रेस (1.04 करोड़) हैं।

SCROLL FOR NEXT