कोलकाता : आशा कर्मियों के आंदोलन पर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार और उसके अंतरिम बजट पर तीखा हमला बोलते हुए आशा कर्मियों की मांगों को पूरी तरह जायज करार दिया है। उन्होंने कहा कि आशा कर्मियों को जिस मामूली पैसे में काम करना पड़ रहा है, उसमें गुजारा करना नामुमकिन है। उनकी मांगें पूरी तरह सही और जायज हैं। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि आशा कर्मियों की आर्थिक स्थिति और उनकी परेशानियों से केंद्र सरकार को अवगत करा दिया गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक भी यह मामला पहुंचाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद आशा कर्मियों से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वहीं उन्होंने राज्य सरकार के अंतरिम बजट पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह बजट न केवल आशा कर्मियों बल्कि सभी सरकारी कर्मचारियों के साथ धोखा है। इस दौरान मौके पर मौजूद आशा वर्कर्स ने शमीक भट्टाचार्य से प्रधानमंत्री के सामने उनकी मांगों को मजबूती से रखने की अपील की। खास तौर पर उन्होंने आशा कर्मियों को ग्रुप-डी का दर्जा देने की मांग की।