कोलकाता : भाजपा ने रविवार को चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि 14 मार्च को ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में शामिल होने गए पार्टी कार्यकर्ताओं को सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई और उनपर हमला हो गया। पार्टी ने पुलिस द्वारा केंद्रीय बलों को तैनात नहीं किए जाने को लेकर कार्रवाई की मांग की। आयोग को लिखे पत्र में भाजपा नेता शिशिर बजोरिया ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को रैली में ले जा रहीं बसों पर उत्तर कोलकाता में गिरीश पार्क के निकट पत्थर फेंके गए, जिसकी वजह से कई कार्यकर्ता घायल हो गए और उनमें से कुछ को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्र में भाजपा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले सीएपीएफ कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के बावजूद घटनास्थल पर कर्मी मौजूद नहीं थे, जिससे पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकी।