कोलकाता : आनंदपुर अग्निकांड अब एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक सवाल का रूप ले चुका है। 26 जनवरी को हुए इस भयावह हादसे में अब तक 27 लोगों की जान जा चुकी है। इस मामले में भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि एक “मानव निर्मित आपदा” है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम में अग्नि सुरक्षा के नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई थी और आवश्यक अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी नहीं लिया गया था। गुरु प्रकाश पासवान ने राज्य पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक कुछ लोगों को गिरफ्तार कर सिर्फ औपचारिकता निभाई गई है, जबकि इस हादसे के लिए जिम्मेदार “बड़े और प्रभावशाली लोग” अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं।