पश्चिम बंगाल

बांग्लादेशी नागरिकों के लिए भीमपुर में अस्थायी होल्डिंग सेंटर, एक व्यक्ति रखा गया

स्थायी केंद्र के निर्माण तक फिलहाल यहीं रखा जायेगा बांग्लादेशी नागरिकों को

नदिया : कृष्णानगर पुलिस जिला प्रशासन की पहल पर भीमपुर में बांग्लादेशी नागरिकों को रखने के लिए एक अस्थायी होल्डिंग सेंटर बनाया गया है। फिलहाल यह केंद्र कृष्णानगर-1 ब्लॉक के भीमपुर ग्राम पंचायत भवन के एक कमरे में संचालित किया जा रहा है, जहां एक बांग्लादेशी नागरिक को रखा गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, भीमपुर क्षेत्र में एक कम्युनिटी हॉल को स्थायी होल्डिंग सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने तक पंचायत भवन के भूतल पर दो बेड वाले कमरे को सीसीटीवी निगरानी में अस्थायी होल्डिंग सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वहां रखे गए व्यक्ति की पहचान अनामुल हक के रूप में हुई है। उसने पूछताछ में खुद को बांग्लादेश का निवासी बताया। उसका दावा है कि वह एक तूफान के दौरान अनजाने में सीमा पार कर भारत में प्रवेश कर गया था। बाद में विभिन्न स्थानों पर घूमते हुए वह प्रशासन की नजर में आया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पुलिस और बीएसएफ की निगरानी में बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। वहीं, भीमपुर ग्राम पंचायत की प्रधान पूजा दास मंडल ने बताया कि फिलहाल पंचायत भवन का कमरा अस्थायी होल्डिंग सेंटर के लिए उपलब्ध कराया गया है।

SCROLL FOR NEXT