पश्चिम बंगाल

‘स्वामी विवेकानंद के विचार अनंतकाल तक महत्वपूर्ण बने रहेंगे’

कोलकाता : स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शिमला स्ट्रीट स्थित स्वामी विवेकानंद के पैतृक घर और रामकृष्ण मिशन मुख्यालय बेलूर मठ में मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर रैली निकाली गई, जिसमें लोगों ने आध्यात्मिक नेता और समाज सुधारक के संदेशों वाले रंग-बिरंगे झंडे ले रखे थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिमला स्ट्रीट स्थित स्वामी विवेकानंद के पैतृक आवास पर तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी गये। उन्होंने श्रद्धा अर्पित की। इस दौरान विधायक विवेक गुप्त, मंत्री डॉ. शशि पांजा भी मौजूद रहे। अभिषेक ने कहा कि स्वामीजी के विचार अनंतकाल तक महत्वपूर्ण बने रहेंगे। स्वामी विवेकानंद की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और सभी को उनका अनुसरण करना चाहिए। स्वामी जी ने सभी धर्मों के बीच सद्भाव की बात की और अपने समय में वह भारत के लिए पथप्रदर्शक बने। हमें आज भी उन शिक्षाओं को याद करना चाहिए। जाति, पंथ, धर्म और लिंग से परे सभी को उनका पालन करना चाहिए। स्वामी जी के सिद्धांत, आदर्श, विचार, चिंतन, कार्य पद्धति और शिक्षाएं आज के समय में भी बहुत महत्व रखती हैं और जीवन के हर कदम पर प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि 'मैं इसे स्वामीजी की जयंती नहीं कहूंगा, क्योंकि जन्म उनका होता है, जिनकी अंतत: मृत्यु होती है। मैं इसे उनका 'आविर्भाव दिवस' कहता हूं, क्योंकि स्वामीजी आज भी हमारे बीच हैं। उनकी सोच और विचार शाश्वत और सर्वदा विद्यमान हैं।'


'विवेक चेतना उत्सव' का उद्घाटन : पश्चिम बंगाल सरकार के युवा कल्याण एवं खेल विभाग की पहल के तहत मंत्री अरूप विश्वास ने स्वामी विवेकानन्द की जयंती मनाने के लिए विवेकानन्द युवा भारती खेल परिसर में 'विवेक चेतना उत्सव' का उद्घाटन किया। इस दौरान उपस्थित थे युवा कल्याण एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार सिन्हा, रामकृष्ण मिशन शिल्पपीठ बेलघरिया के स्वामी धेयानंद महाराज, रामकृष्ण मिशन आवासिक महाविद्यालय नरेंद्रपुर के प्राचार्य स्वामी एकचितानंद महाराज, रामकृष्ण मिशन महाविद्यालय बेलूर मठ के प्राचार्य स्वामी महाप्रज्ञानंद महाराज।

SCROLL FOR NEXT