पूर्व मिदनापुर : मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र नंदीग्राम में रविवार को पहली बार जनसभा की। इस दौरान शुभेंदु ने कहा कि वह नंदीग्राम के लोगों का उपकार कभी भी भूल नहीं सकते है। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के खिलाफ उनको 1956 वोट से जीत दिलाकर नंदीग्राम के लोगों ने उन पर बड़ा उपकार किया था। इस उपकार के ऋण को वह अवश्य ही चुकाएंगे। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वह लगातार काम करते रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए काम करने पर टीएमसी के कर्मियों ने भाजपा कार्यकर्ता देवव्रत माईती समेत कई लोगों की हत्या कर दी थी। मारे गए भाजपा के कर्मियों को मृत्यु प्रमाण पत्र और मुआवजा भी टीएमसी की सरकार ने नहीं दिया। शुभेन्दु ने कहा कि नंदीग्राम में पानी और रेल लाइन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने कई कार्य किए, लेकिन पूर्ववर्ती टीएमसी की सरकार ने उनको जमीन नहीं देकर विकास कार्यों में भी रोड़ा अटकाया। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में वह नंदीग्राम के अलावा भवानीपुर सीट से भी विजयी हुए हैं। संवैधानिक नियमों के अनुसार उन्होंने भवानीपुर सीट को अपने पास रख कर नंदीग्राम की सीट छोड़ दी है, लेकिन उनके इस निर्णय से नंदीग्राम के लोग कदापि विचलित नहीं हो। वह नंदीग्राम के विकास और नंदीग्रामवासियों के हित में पहले के समान ही अब भी काम करते रहेंगे। जिस प्रकार विधायक शुभेन्दु अधिकारी में कोई परिवर्तन नही आया था। उसी प्रकार अब मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी में भी कोई परिवर्तन नही आएगा। शुभेन्दु अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि 34 वर्षों के वामशासन काल और इसके बाद 15 वर्षों तक टीएमसी की सत्ता के दौरान बंगाल काफी पीछे चला गया है। लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी भाजपा सरकार लगातार काम करेगी।